फूलबनी (ओडिशा), चार मार्च (भाषा) ओडिशा के कंधमाल जिले में बुधवार को दो मोटरसाइकिल के भिड़ंत में तीन साल के बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना यहां से लगभग 40 किलोमीटर दूर गोछपाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बांदुली गांव में हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह भिड़ंत उस समय हुई जब दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर उप्परशी गांव से गोछपाड़ा कस्बे की ओर जा रहे थे, जबकि विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य दोपहिया वाहन पर चालक समेत तीन लोग सवार थे।
अधिकारी ने बताया, ‘बच्चे समेत पांच लोगों को गोछपाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया।’
उन्होंने बताया कि मृत बच्चे की पहचान कार्तिक कन्हार के रूप में हुई है और अन्य तीन लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
गोछपाड़ा थाने के प्रभारी अधिकारी संजीत बेहरा ने बताया कि एक घायल की पहचान बनिता कन्हार के रूप में हुई है और उसे उपचार के लिए जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि उसकी हालत स्थिर है।
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना की जांच जारी है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
