scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशएटा में सड़क दुर्घटना में मध्य प्रदेश पुलिस के चार कर्मी घायल

एटा में सड़क दुर्घटना में मध्य प्रदेश पुलिस के चार कर्मी घायल

Text Size:

एटा (उप्र), 12 अप्रैल (भाषा) एटा जिले में एक एसयूवी की ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने की टक्कर में मध्य प्रदेश पुलिस के चार कर्मी घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि यह घटना कोतवाली देहात क्षेत्र में चांदपुर के पास शनिवार देर रात करीब 10 बजकर 30 मिनट पर हुई, जब छापेमारी कर लौट रही भोपाल पुलिस की विशेष अभियान समूह (एसओजी) की टीम की तेज रफ्तार कार की टक्कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो गई।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में घायल हुए पुलिसकर्मियों की पहचान उप निरीक्षक सुरजीत उर्फ सूरज (32), कांस्टेबल अजीत सिंह, आनंद पांडेय (32) और चालक मोहम्मद इमरान खान (35) के रूप में हुई है।

सूत्रों ने बताया कि घायलों में अजीत सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद किसी और अस्पताल में रेफर किया गया है।

कोतवाली नगर के थाना प्रभारी प्रेम पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं सलीम गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments