अहमदाबाद, 27 जनवरी (भाषा) गुजरात के हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में हार चुके कांग्रेस के एक पूर्व विधायक ने गुजरात उच्च न्यायालय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार के निर्वाचन को निरस्त करने का अनुरोध किया है।
पूर्व विधायक ने दावा किया कि भाजपा विधायक ने अपने नामांकन पत्र में तथ्यों को छिपाया है।
कांग्रेस नेता ललित कगथारा ने बुधवार को उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर दावा किया था कि भाजपा विधायक दुर्लभजी देथरिया ने जन प्रतिनिधित्व कानून के अनेक प्रावधानों का उल्लंघन किया और उनके चुनाव को रद्द किया जाना चाहिए।
कगथारा मोरबी जिले की टंकारा सीट से 2017 में चुनाव जीते थे, लेकिन गत दिसंबर में हुए विधानसभा चुनाव में 10,000 मतों के अंतर से देथरिया से हार गये।
पूर्व विधायक ने अपनी याचिका में दावा किया कि देथरिया ने ना केवल नामांकन पत्र में गल्तियां की हैं, बल्कि उन्होंने अपनी संपत्तियों, ऋण तथा कारोबारी हितों के बारे में तथ्यों को भी छिपाया।
भाषा
वैभव माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
