scorecardresearch
Monday, 16 February, 2026
होमदेशझारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां भाजपा में शामिल

झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां भाजपा में शामिल

Text Size:

रांची, 15 फरवरी (भाषा) झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां रविवार को अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।

झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भुइयां का पार्टी में स्वागत किया।

भुइयां ने कहा कि उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) छोड़ दी क्योंकि यह पार्टी अब वैसी नहीं रही जैसी दो दशक पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के समय हुआ करती थी।

उन्होंने कहा, “हम दिवंगत शिबू सोरेन के सिपाही थे और झारखंड आंदोलनों में भाग लिया था। लेकिन अब झामुमो हेमंत सोरेन की निजी संपत्ति बन गई है। पार्टी में हमारे जैसे नेताओं के लिए कोई सम्मान नहीं रह गया है।”

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि भुइयां वर्तमान में पार्टी में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 2009 के विधानसभा चुनाव हारने के बाद भुइयां ने झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातान्त्रिक), कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सहित कई पार्टियां बदलीं।

साहू ने कहा, “भाजपा विचारधारा की पार्टी है, परिवारवाद की नहीं। इसका संकल्प अंत्योदय है, इसका उद्देश्य दलितों, शोषितों, वंचितों और समाज के पिछड़े वर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाना है।”

मरांडी ने कहा कि दुलाल भुइयां सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि दलितों की आवाज हैं, जिनका भाजपा में शामिल होना दलित समुदाय में पार्टी की पकड़ को और मजबूत करेगा।

भाषा अमित रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments