नयी दिल्ली, 15 जनवरी (भाषा) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के पूर्व प्रमुख शील वर्धन सिंह ने सोमवार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के सदस्य के तौर पर शपथ ली।
यूपीएससी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, आयोग के अध्यक्ष मनोज सोनी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सिंह ने नवंबर 2021 से दिसंबर 2023 तक सीआईएसएफ के महानिदेशक (डीजी) के रूप में सेवा दी थी।
उनकी नियुक्ति के बाद, यूपीएससी में सदस्य के पद पर और तीन रिक्तियां हैं।
संघ लोक सेवा आयोग, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन करने के वास्ते सिविल सेवा परीक्षा संचालित करता है।
आयोग में एक अध्यक्ष और अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं। यूपीएससी सदस्य की नियुक्ति छह साल की अवधि या 65 वर्ष की आयु तक के लिए की जाती है।
सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा के सभी क्षेत्रों में सेवा दी है। उन्होंने उच्चतम स्तर की खुफिया जानकारी एकत्र करने, विश्लेषण करने और राष्ट्रीय सुरक्षा नीति बनाने में योगदान दिया है।
उनकी सराहनीय सेवा के लिए उन्हें 2004 में राष्ट्रपति पुलिस पदक, और विशिष्ट सेवा के लिए 2010 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.