scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशउत्तर-पश्चिम दिल्ली में ट्रक की चपेट में आने से पांच वर्षीय लड़के की मौत

उत्तर-पश्चिम दिल्ली में ट्रक की चपेट में आने से पांच वर्षीय लड़के की मौत

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में रविवार को एक ट्रक की चपेट में आने से पांच वर्षीय लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हैदरपुर के लोहिया कैंप के सामने हुई एक सड़क दुर्घटना के संबंध में शालीमार बाग पुलिस थाने को सूचना मिलने के बाद इस घटना का पता चला।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “सूचना के आधार पर पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां एक ट्रक खड़ा मिला और उसके नीचे एक बच्चा घायल अवस्था में पड़ा था।”

अधिकारी ने बताया कि घायल बच्चे की उम्र लगभग पांच से छह वर्ष थी और उसे इलाज के लिए तुरंत जहांगीरपुरी स्थित बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि शव को आगे की कानूनी औपचारिकताओं के लिए अस्पताल के शवगृह में रखा गया।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि यह दुर्घटना वाहन चालक की लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चलाने के कारण हुई।

उन्होंने कहा, ‘बयान और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर ट्रक चालक की पहचान की गई और उसका पता लगाया गया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’

इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और इस घातक दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि अतिरिक्त गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और चश्मदीदों के बयान की पुष्टि करने के लिए आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments