भोपाल, दो जनवरी (भाषा) केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सोमवार को कहा कि उनका मंत्रालय ‘जल विजन 2047’ विषय पर पांच जनवरी को दो दिवसीय प्रथम अखिल भारतीय राज्य मंत्री वार्षिक सम्मेलन भोपाल में आयोजित करेगा।
पटेल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया, ‘‘देश में पहली बार पांच एवं छह जनवरी को देश के सभी राज्यों के जल संसाधन, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) और सिंचाई मंत्री एक साथ मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एकत्रित होंगे और दो दिन तक इस पर विचार विमर्श करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में राज्यों के मंत्री अपने-अपने राज्यों में जल से संबंधित चुनौतियों के बारे में बताएंगे और उसमें आने वाले 25 साल का ब्लू प्रिंट तैयार करने के साथ-साथ जल समस्याओं को दूर करने के लिए एक रोड मैप भी बनाया जाएगा।
पटेल ने बताया कि इस अवसर पर उनके अलावा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का प्राथमिक उद्देश्य राज्य के हितधारकों से इस विजन के लिए राय लेना है।
भाषा रावत रावत राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
