नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एटलस साइकिल्स के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर की मौत के मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कपूर मंगलवार अपराह्न को डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम रोड स्थित अपने तीन मंजिला घर के भूतल के फर्श पर मृत पाए गए थे और उनके सिर में गोली लगने का निशान था।
घटनास्थल से बरामद एक कथित सुसाइड नोट में सलिल कपूर (65) ने अपने ऊपर ‘‘आर्थिक बोझ’’ और चार लोगों द्वारा उत्पीड़न किये जाने का जिक्र किया है।
एक अधिकारी के अनुसार, सुसाइड नोट में जिन चार लोगों का नाम है, उनके खिलाफ तुगलक रोड पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चारों आरोपी हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं।
अधिकारी ने कहा कि चारों को जल्द ही जांच में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि अंग्रेजी में लिखे एक पन्ने के सुसाइड नोट में कपूर ने लिखा है कि वह ‘‘अपनी जान खुद ले रहे हैं।’’
बुधवार को पुलिस ने तीन डॉक्टरों का एक बोर्ड गठित किया और शव का पोस्टमार्टम कराया तथा शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सलिल कपूर की पत्नी और तीन बच्चे- दो बेटे और एक बेटी-अलग रह रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अलग होने के बाद सलिल कपूर की पत्नी दुबई में रह रही हैं।
कपूर को 2015 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने नौ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था। वर्ष 2014 में दक्षिणी दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी थाने में उनके खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे, जिनकी जांच भी ईओडब्ल्यू ने की थी।
अधिकारी ने बताया कि एक मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पूंजीगत लाभ बॉण्ड के बहाने कपूर ने उसके साथ धोखाधड़ी की।
भाषा शफीक संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.