scorecardresearch
Friday, 6 February, 2026
होमदेशउत्तर प्रदेश में किसानों को अब पांच मिनट में ई-केसीसी से मिल रहा है ऋण : योगी

उत्तर प्रदेश में किसानों को अब पांच मिनट में ई-केसीसी से मिल रहा है ऋण : योगी

Text Size:

लखनऊ, पांच फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि डिजिटल सुशासन की वजह से कृषकों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कर्ज लेने के लिए एक महीने तक इंतजार करने के बजाय मात्र पांच मिनट के अंदर ही ऋण प्राप्त हो रहा है।

राज्य सरकार द्वारा यहां जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने लोकभवन में आयोजित राज्य ऋण संगोष्ठी एवं राज्य फोकस पेपर 2026-27 के विमोचन के अवसर पर कहा कि अन्नदाता किसानों को पहले किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से ऋण लेने के लिए एक महीने तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन आज वही किसान ई-केसीसी के माध्यम से मात्र पांच मिनट में ऋण सुविधा प्राप्त कर रहा है।

उन्होंने कहा कि 2026-27 के लिए कृषि ऋण तीन लाख करोड़ रुपये है जो पहले की तुलना में 13 फीसद अधिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार और अन्नदाता किसान मिलकर सोच रहे हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग खेती में कैसे किया जाए।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में एआई एग्रीकल्चर प्लेटफॉर्म की घोषणा की गई है और उत्तर प्रदेश इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई किसान उत्पादक संगठनों को मंच पर सम्मानित भी किया।

भाषा सलीम राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments