scorecardresearch
शनिवार, 17 मई, 2025
होमदेशआंध्र प्रदेश में एक पटाखा कारखाने में विस्फोट: आठ लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने जांच का आदेश दिया

आंध्र प्रदेश में एक पटाखा कारखाने में विस्फोट: आठ लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने जांच का आदेश दिया

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

विशाखापत्तनम, 13 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में रविवार को एक पटाखा कारखाने में विस्फोट होने से दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।

यह घटना दोपहर करीब 12:45 बजे कोटावुराटला गांव में हुई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर दुख जताया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में एक फैक्टरी में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से बहुत दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’’

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख व्यक्त किया। नायडू ने घटना की जांच के आदेश भी दिए और अधिकारियों से रिपोर्ट सौंपने को कहा।

राज्य सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 15 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

राज्य की गृह मंत्री वी. अनिता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘आग लगने की दुर्घटना में दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।’’

उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

दुर्घटना अपराह्न लगभग 12:45 बजे हुई और अधिकारी फिलहाल शवों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पुलिस की मदद कर रहे हैं।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट लाइसेंस प्राप्त पटाखा निर्माण इकाई में हुआ, जो एस्बेस्टस की छत के नीचे चल रही थी। उन्होंने बताया कि घटना के समय वहां कथित तौर पर 15 लोग मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि शवों के जले हुए हिस्से इधर-उधर बिखरे पड़े थे, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया।

इस बीच, एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पांच मृतकों का पोस्टमॉर्टम नरसीपत्तनम के एक स्थानीय अस्पताल में और तीन का अनकापल्ली जिला अस्पताल में किया जा रहा है।

विशाखपत्तनम के किंग जॉर्ज अस्पताल (केजीएच) में भेजे गए छह घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

बयान में कहा गया है कि दो और घायलों का नरसीपत्तनम के एक अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को घायलों को उचित चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने अनिता और जिले के अधिकारियों को घायलों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख वाई एस जगनमोहन रेड्डी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया और सरकार से पीड़ितों की मदद करने का आग्रह किया।

उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं से पीड़ितों को हर संभव सहायता देने को भी कहा।

भाषा शफीक धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments