scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशकश्मीरी कैदियों को घाटी में स्थानांतरित करने के मुद्दे पर सहानुभूतिपू्र्ण रुख की उम्मीद: महबूबा

कश्मीरी कैदियों को घाटी में स्थानांतरित करने के मुद्दे पर सहानुभूतिपू्र्ण रुख की उम्मीद: महबूबा

Text Size:

श्रीनगर, 10 दिसंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उच्च न्यायालय कश्मीरी कैदियों को घाटी की जेलों में स्थानांतरित करने के अनुरोध वाली उनकी याचिका पर सहानुभूतिपूर्ण रुख अपनाएगा।

महबूबा ने कश्मीरी कैदियों को घाटी की जेलों में स्थानांतरित करने के अनुरोध को लेकर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक महिला का वीडियो पोस्ट किया, जो कोट भलवाल जेल में बंद अपने बेटे से मिलने के लिए जम्मू जा रही थी। वीडियो में महिला यह दावा करते नजर आ रही है कि वह कश्मीर घाटी से जम्मू के बीच की 270 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेगी।

महबूबा ने कहा, “जम्मू की कोट भलवाल जेल में बंद बेटे से मिलने के लिए कश्मीर से सैंकड़ों मील पैदल चलने को तैयार इस महिला का वीडियो उन परिवारों की खामोश पीड़ा को उजागर करता है, जिनके परिजन दूर-दराज की जेलों में कैद हैं।”

उन्होंने कहा, “यही कारण है कि मैंने उपचाराधीन कैदियों को उनके इलाके की जेलों में स्थानांतरित करने के अनुरोध को लेकर माननीय उच्च न्यायालय का रुख किया है, ताकि उनके परिजन आराम से उनसे मिल सकें और कानूनी लड़ाई में उनका साथ दे सकें। उच्च न्यायालय से सहानुभूतिपूर्ण रुख की उम्मीद है।”

भाषा प्रचेता पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments