scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशआबकारी नीति : कांग्रेस ने केजरीवाल सरकार पर ‘भ्रष्टाचार में डूबे’ होने का आरोप लगाया

आबकारी नीति : कांग्रेस ने केजरीवाल सरकार पर ‘भ्रष्टाचार में डूबे’ होने का आरोप लगाया

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने शुक्रवार को उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना के उस फैसले का स्वागत किया, जिसमें दिल्ली सरकार की आबकारी नीति 2021-22 की जांच सीबीआई को सौंपे जाने की सिफारिश की गई है।

कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर ‘‘भ्रष्टाचार में डूबे’’ होने का आरोप लगाया।

पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि नई आबकारी नीति के लागू होने के बाद से बहुत भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रही है।

कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जून में दिल्ली के पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना को एक लिखित शिकायत देकर ‘‘भ्रष्टाचार’’ के खिलाफ जांच की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘सच को छुपाया नहीं जा सकता और सच यह है कि दिल्ली की आदमी पार्टी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘नई आबकारी नीति की सीबीआई जांच की सिफारिश में उपराज्यपाल ने कहा है कि सत्येंद्र जैन, जोकि धनशोधन मामले में पिछले दो महीने से जेल में हैं, अरविंद केजरीवाल के भ्रष्ट सौदों में मुख्य व्यक्ति थे। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत जेल जाने वाले अगले व्यक्ति होंगे।’’

सिसोदिया दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग के प्रमुख हैं।

कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इन मंत्रियों का ‘‘उपयोग’’ अपने ‘‘धन एकत्र’’ करने वाले व्यक्तियों के रूप में कर रहे हैं।

भाषा

शफीक दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments