scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशगांजा तस्करों के हमले में घायल आबकारी कांस्टेबल की मौत, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

गांजा तस्करों के हमले में घायल आबकारी कांस्टेबल की मौत, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

Text Size:

हैदराबाद, एक फरवरी (भाषा) तेलंगाना के निजामाबाद जिले में हाल में कथित रूप से गांजा तस्करों के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई 23 वर्षीय महिला आबकारी कांस्टेबल की यहां सरकारी निम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

जी सौम्या 23 जनवरी को गांजा तस्करों द्वारा कार से टक्कर मारे जाने के कारण घायल हो गई थीं।

सौम्या को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उन्हें ‘निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (निम्स) में स्थानांतरित कर दिया गया जहां शनिवार रात को उन्होंने दम तोड़ दिया।

निम्स ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘विशेषज्ञों की एक टीम ने सभी प्रकार की आवश्यक चिकित्सा दी और उन्नत जीवन रक्षक उपाय किए गए। निरंतर एवं हर संभव प्रयास किए जाने के बावजूद मरीज (सौम्या) को बचाया नहीं जा सका और 31 जनवरी को रात नौ बजकर 41 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।’’

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सौम्या की मौत पर रविवार को दुख व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि रेड्डी ने पुलिस अधिकारियों को सौम्या की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार कांस्टेबल के परिवार को हर तरह से सहायता प्रदान करेगी।

तेलंगाना के मंत्रियों जुपल्ली कृष्णा राव और दानासारी सीताक्का ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

आबकारी एवं निषेध मंत्री कृष्णा राव ने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के गिरोहों पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया था कि निजामाबाद में गांजे की तस्करी की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग के कर्मियों ने 23 जनवरी को माधव नगर के पास वाहनों की जांच की थी और एक कार को जांच के लिए रोका था। गांजा की तस्करी में शामिल वाहन ने भागने की कोशिश में कांस्टेबल को कथित तौर पर कुचल दिया था।

उसने बताया था कि इसके बाद कार एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई और मौके पर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि वाहन से लगभग 2.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments