चेन्नई, 28 अप्रैल (भाषा) अन्ना विश्वविद्यालय स्थित ईवीएम मतगणना केंद्र में ड्यूटी के दौरान तमिल फिल्म ‘जन नायकन’ का लीक हुआ संस्करण देखने के आरोप में एक अनुबंधित कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान तिरुवरूर जिला निवासी टी. युवराज (31) के रूप में हुई है, जो सीसीटीवी निगरानी प्रबंधन के लिए एक निजी फर्म का कर्मचारी था। इस केंद्र में मतदान के बाद मायलापुर और टी नगर सहित पांच विधानसभा क्षेत्रों की ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) रखी गई हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवराज द्वारा सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की गई, जिसमें वह नियंत्रण कक्ष में लैपटॉप पर ‘पायरेटेड’ फिल्म देखते हुए नजर आ रहा था। उसने निवार्चन आयोग से जारी किए गए अपने आधिकारिक पहचान पत्र की तस्वीर भी कथित तौर पर साझा की थी।
ग्रेटर चेन्नई नगर निगम के एक अधिकारी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध शाखा ने पोस्ट का पता लगाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि युवराज ने 23 अप्रैल की रात ड्यूटी के दौरान लीक हुई सामग्री डाउनलोड की थी।
विजय अभिनीत यह फिल्म ऑनलाइन माध्यम से अवैध रूप से रिलीज होने के बाद से ही विवाद में है।
भाषा यासिर अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.