नयी दिल्ली, 22 जनवरी (भाषा) दिल्ली में 23 जनवरी को होने वाले ‘फुल ड्रेस रिहर्सल’ और गणतंत्र दिवस के दौरान कुछ मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बृहस्पतिवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
बयान के अनुसार, दोनों दिन केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन (गेट 3 और 4), उद्योग भवन (गेट 1), लाल किला (गेट 3 और 4) और जामा मस्जिद (गेट 3 और 4) पर प्रवेश या निकास प्रतिबंधित रहेगा।
डीएमआरसी ने बताया कि दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के गेट 1, 4 और 5 पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा, जबकि आईटीओ मेट्रो स्टेशन के गेट 3, 4 और 6 पर प्रतिबंध लागू रहेंगे।
डीएमआरसी ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड के अभ्यास और मुख्य परेड के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए ये उपाय किए गए हैं और यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं।
डीएमआरसी ने यात्रियों से स्टेशनों पर की जाने वाली घोषणाओं और आधिकारिक चैनल पर मिलने वाली जानकारियों का पालन करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मेट्रो नेटवर्क के अन्य हिस्सों पर सेवाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होंगी।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
