scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशतेलंगाना आंदोलन के प्रख्यात लोक गायक साईंचंदर का निधन

तेलंगाना आंदोलन के प्रख्यात लोक गायक साईंचंदर का निधन

Text Size:

हैदराबाद, 29 जून (भाषा) अलग राज्य की मांग वाले तेलंगाना आंदोलन को अपने गीतों के जरिए प्रेरित करने वाले प्रख्यात लोक गायक वी साईंचंदर का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 39 वर्ष के थे।

साईंचंदर ने तेलंगाना राज्य भंडारण निगम के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया था।

तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के सूत्रों ने बताया कि साईंचंदर का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। साईंचंदर को तेलंगाना आंदोलन को अपने गीतों के जरिए प्रेरित करने के लिए काफी लोकप्रियता मिली थी।

मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने यहां साईंचंदर के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी।

राव ने साईंचंद के नाम से मशहूर साईंचंदर के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि तेलंगाना के समाज ने एक महान गायक और कलाकार खो दिया है।

राव ने कहा, ‘‘साईंचंदर में बचपन से ही गायक के रूप में असाधारण प्रतिभा थी।’’

मुख्यमंत्री राव ने तेलंगाना आंदोलन में अपने गीतों के माध्यम से साईंचंदर के योगदान को याद करते हुए कहा कि दिवंगत गायक हमेशा उनके द्वारा संबोधित सार्वजनिक बैठकों में मौजूद रहते थे।

तेलंगाना के कई मंत्रियों के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक एटाला राजेंदर, कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष और सांसद ए रेवंत रेड्डी तथा अन्य नेताओं ने साईंचंदर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

भाषा रवि कांत मनीषा रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments