नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग (ईसी) केरल में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के मकसद से इस सप्ताह राज्य का दौरा करेगा।
केरल में विधानसभा चुनाव के अगले महीने होने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि आयोग के दल के पांच मार्च की रात को केरल पहुंचने की संभावना है और वह छह तथा सात मार्च को अपना आधिकारिक दौरा शुरू करेगा।
केरल के अलावा, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में भी विधानसभा चुनाव होने हैं।
ईसी चुनाव की तैयारियों का आकलन करने के लिए असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा कर चुका है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार ने गुवाहाटी में पत्रकारों को बताया कि निर्वाचन आयोग पूर्वोत्तर राज्य के लिए चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप देते समय बिहू त्योहार को ध्यान में रखेगा, जो 14 अप्रैल को है।
किसी राज्य में चुनाव होने से पहले इसके कार्यक्रम की घोषणा करने के मकसद से निर्वाचन आयोग का दल सामान्य रूप से वहां का दौरा करता है।
इन पांचों राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तिथियों पर समाप्त होता है।
जहां पुडुचेरी में विधानसभा का पांच वर्षीय कार्यकाल 15 जून को समाप्त हो रहा है, वहीं असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा का कार्यकाल क्रमशः 20, 23, 10 और सात मई को समाप्त हो रहा है।
पिछली बार पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव आठ चरणों में हुए थे, जो अब तक की सबसे अधिक संख्या है।
असम में दो चरणों में चुनाव हुए, जबकि तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में चुनाव हुए थे।
मतदान वाले सभी राज्यों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अपनी अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है।
भाषा यासिर प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
