जयपुर: राजस्थान में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 की प्रक्रिया पूरी हो गई है. भारत निर्वाचन आयोग ने शनिवार को अंतिम मतदाता सूची जारी की, जिसमें 199 विधानसभा क्षेत्रों (अंता को छोड़कर) में कुल 5 करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 मतदाता शामिल हैं.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार यह पुनरीक्षण प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2025 से 21 फरवरी 2026 तक चली. 27 अक्टूबर 2025 को राज्य में कुल मतदाता 5,46,56,215 थे. ड्राफ्ट प्रकाशन के दौरान 41,84,891 मतदाता सूची में शामिल नहीं पाए गए, जिससे 16 दिसंबर 2025 तक ड्राफ्ट सूची में 5,04,71,324 मतदाता रह गए.
ड्राफ्ट के बाद 12,91,365 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 2,42,760 नाम हटाए गए. इसके बाद अंतिम सूची में कुल मतदाता संख्या बढ़कर 5,15,19,929 हो गई.
अंतिम सूची में 2.69 करोड़ पुरुष, 2.45 करोड़ महिलाएं और 562 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं.
ड्राफ्ट के बाद मतदाताओं की संख्या में 10.48 लाख यानी 2.08 प्रतिशत की वृद्धि हुई. जयपुर (3.45%), फलोदी (3.22%), भरतपुर (2.78%), सिरोही (2.72%) और बूंदी (2.71%) में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई.
जेंडर रेशियो भी 909 से बढ़कर 911 हो गया. वहीं 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 4.35 लाख से अधिक नए युवा मतदाता जुड़े, जिनमें जयपुर में सबसे ज्यादा वृद्धि दर्ज की गई.
इस बड़े पुनरीक्षण अभियान में 41 जिला निर्वाचन अधिकारी, 199 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी, 1,651 सहायक अधिकारी, 61,136 बूथ लेवल अधिकारी, 1 लाख से अधिक बूथ लेवल एजेंट और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया.
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी. मतदाता ECINet ऐप और वोटर पोर्टल के जरिए फॉर्म 6, 7 और 8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
अंता विधानसभा क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची 12 मार्च 2026 को जारी की जाएगी.
वर्तमान में राजस्थान सहित 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: ‘कई दिनों से नहीं सोया था’— SIR टास्क ने राजस्थान BLO को किस हद तक धकेला
