scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशकोलकाता में फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला बुजुर्ग दंपति

कोलकाता में फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला बुजुर्ग दंपति

Text Size:

कोलकाता, छह जून (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास से निकटता के कारण उच्च सुरक्षा वाला क्षेत्र माने जाने वाले दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर में एक फ्लैट में सोमवार शाम को एक बुजुर्ग दंपति का शव मिला।

पुलिस ने बताया कि दंपति की पहचान व्यवसायी अशोक शाह और उनकी पत्नी रश्मिता शाह के रूप में हुई है। दोनों हरीश मुखर्जी रोड स्थित फ्लैट में मृत पाए गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘दोनों के शव पर चोट के कईं निशान मिले हैं। ऐसा लगता है कि महिला के गहने भी गायब हैं। संभवत: चोरी के प्रयास का विरोध करने पर उनकी हत्या की गई होगी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।’’

आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस श्वान दस्ते की भी मदद ले रही है। पुलिस के मुताबिक, दंपति की तीन बेटियां हैं। दोनों अपनी एक बेटी के साथ कई वर्षों से फ्लैट में रह रहे थे।

कोलकाता के महापौर फरहाद हकीम और स्थानीय पार्षद कजरी बनर्जी ने घटनास्थल का दौरा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने पत्रकारों से कहा कि कोलकाता पुलिस की एक टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ को बताया कि फ्लैट के पास लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘फ्लैट के अंदर शायद हाथापाई की घटना हुई। टेलीविजन चालू था और अलमारी का दरवाजा खुला था।’’

भाषा फाल्गुनी आशीष

आशीष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments