गुरुग्राम, आठ फरवरी (भाषा) हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने रविवार को कहा कि विकसित भारत के मार्ग में शिक्षा एक महत्वपूर्ण कड़ी है और राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर परिवर्तनकारी प्रयास कर रही है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सिंह ने सेक्टर 34 स्थित डीपीजी कॉलेज में आयोजित वार्षिक उत्सव “सारंग” में यह बात कही। इस कार्यक्रम में विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष गोपीचंद गहलोत भी उपस्थित थे।
सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि जब हरियाणा का गठन हुआ था, तब गुरुग्राम और दक्षिणी हरियाणा विकास के मामले में पिछड़े माने जाते थे। समय के साथ, औद्योगीकरण और रियल एस्टेट निवेश ने गुरुग्राम को वैश्विक पहचान दिलाई है।
शिक्षा के क्षेत्र में हालांकि, और सुधार करने की आवश्यकता को महसूस करते हुए, भारतीय जनता पार्टी सरकार ने 2014 से कई निर्णायक कदम उठाए हैं।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक बुनियादी ढांचे और उद्योग-अकादमिक समन्वय के माध्यम से, सरकार का उद्देश्य युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है ताकि विकसित हरियाणा के साथ विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सके।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
