कोच्चि, 18 फरवरी (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन मामले की जांच के तहत मलयालम अभिनेता जयसूर्या की 39 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी ने अभिनेता और उनकी पत्नी से ‘सेव बॉक्स’ नामक एक ‘ऑनलाइन बोली’ ऐप्लीकेशन के जरिए कुछ लोगों से कथित ठगी किए जाने के मामले में दिसंबर 2025 में पूछताछ की थी।
बताया जा रहा है कि स्वाति रहीम नामक एक व्यक्ति ने यह कथित निवेश योजना चलाई।
सूत्रों ने बताया कि ईडी की जांच त्रिशूर ईस्ट पुलिस द्वारा दर्ज कम से कम चार प्राथमिकी से जुड़ी है।
उन्होंने बताया कि केरल में जयसूर्या को ‘‘दी गई’’ 39.01 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति को जब्त करने के लिए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मंगलवार को एक अंतरिम आदेश जारी किया गया।
सूत्रों ने बताया कि रहीम ने उक्त निवेश योजना का ब्रांड एंबेसेडर बनने के लिए 47 वर्षीय जयसूर्या को कुछ धनराशि का भुगतान किया था।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
