नयी दिल्ली, 24 नवंबर (भाषा) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि श्रीनगर और लद्दाख के बीच हर मौसम में संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने वाली एशिया की सबसे लंबी जोजिला सुरंग परियोजना के अगले छह से आठ महीने में पूरी होने की संभावना है।
गडकरी ने सातवें ‘वर्ल्ड लैंडस्लाइड फोरम’ (डब्ल्यूएलएफ-7) को संबोधित करते हुए कहा कि हिमालय के संवेदनशील भूभाग में संपर्क सुविधाओं का निर्माण करते समय विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच सावधानीपूर्वक संतुलन बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा, ”फिलहाल जोजिला सुरंग परियोजना का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यह परियोजना अगले छह से आठ महीने में पूरी हो जाएगी।”
गडकरी ने कहा कि प्रत्येक परियोजना का निर्माण स्थानीय भूविज्ञान, जल विज्ञान और ढलानों की स्थिरता की बेहतर समझ के आधार पर किया जाना चाहिए। इसके लिए आधुनिक तकनीक और दीर्घकालिक निगरानी भी जरूरी है।
एशिया की सबसे लंबी जोजिला सुरंग परियोजना में नौ जून को 13 किलोमीटर से अधिक खुदाई का काम पूरा होने के साथ महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई थी।
इससे कश्मीर घाटी और लद्दाख के बीच हर मौसम में संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने का दशकों पुराना सपना साकार होने के और करीब पहुंच गया।
सुरंग निर्माण में ‘ब्रेकथ्रू’ उस स्थिति को कहा जाता है, जब दोनों ओर से खुदाई कर रही टीम एक निर्धारित स्थान पर आकर मिलती हैं। यह सुरंग 13.153 किलोमीटर लंबी, 9.5 मीटर चौड़ी और 7.57 मीटर ऊंची है। समुद्र तल से लगभग 11,578 फुट की ऊंचाई पर बनाई जा रही यह घोड़े की नाल के आकार की एकल ट्यूब वाली दो लेन की सड़क सुरंग है। इस परियोजना की लागत लगभग 6,500 करोड़ रुपये है।
अधिकारियों के मुताबिक, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण यह सुरंग श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। इससे लद्दाख को पूरे साल मौसम की बाधाओं से मुक्त सड़क संपर्क मिलेगा। साथ ही, इस मार्ग पर पहले लगने वाला एक से डेढ़ घंटे का यात्रा समय घटकर महज 15 मिनट रह जाएगा।
यह सुरंग मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के बालटाल से केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के द्रास जिले के मिनिमर्ग तक बनाई जा रही है। इसके साथ 18 किलोमीटर लंबी पहुंच सड़क भी है।
परियोजना का निर्माण कर रही कंपनी मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एमईआईएल) ने हिमालय की संवेदनशील भूगर्भीय संरचना में सुरंग बनाने के लिए न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड (एनएटीएम) का इस्तेमाल किया है। पहुंच मार्ग और पुलों सहित पूरी परियोजना सोनमर्ग से मिनिमर्ग तक 31 किलोमीटर लंबी है।
सुरंग शुरू होने के बाद दुर्गम जोजिला दर्रे से नागरिकों और सेना की आवाजाही सुगम होगी। भारी बर्फबारी के कारण यह दर्रा आमतौर पर सर्दियों में तीन महीने तक यातायात के लिए बंद रहता है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण योगेश
योगेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.