मांड्या (कर्नाटक), 16 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रतिष्ठित एचएमटी (हिंदुस्तान मशीन टूल्स) फैक्टरी का पुनरुद्धार करने के लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
कुमारस्वामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एचएमटी और भद्रावती स्थित सर एम. विश्वेश्वरैया लौह एवं इस्पात संयंत्र (वीआईएसएल) का पुनरुद्धार करने के लिए प्रयास जारी हैं।
कुमारस्वामी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘इस विषय में कई दौर की चर्चा हो चुकी है। नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी. के. सारस्वत ने एचएमटी के पुनरुद्धार संबंधी एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट सौंपी है। इस संबंध में दिल्ली में भारी उद्योग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, एचएमटी के प्रबंध निदेशक और डॉ. सारस्वत के बीच उच्चस्तरीय बैठकें हुई हैं।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘मैंने राज्य सरकार से सहयोग मांगा है और मांड्या में उद्योग स्थापित करने के संबंध में दिल्ली में कई उद्योगपतियों के साथ भी चर्चा की है।’’
भाषा
योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
