scorecardresearch
बुधवार, 28 मई, 2025
होमदेशअर्थजगतगैर-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी पदों पर महिलाओं का 14 प्रतिशत प्रतिनिधित्वः रिपोर्ट

गैर-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी पदों पर महिलाओं का 14 प्रतिशत प्रतिनिधित्वः रिपोर्ट

Text Size:

मुंबई, 28 मई (भाषा) गैर-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी भूमिकाओं के लिए महिलाओं की भागीदारी 14 प्रतिशत तक पहुंच गई है। यह पारंपरिक रूप से पुरुष-प्रधान क्षेत्र में एक उत्साहजनक बदलाव को दर्शाता है। बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

‘टीमलीज डिजिटल’ ने यह रिपोर्ट गैर-प्रौद्योगिकी क्षेत्र में संविदा पर तैनात प्रौद्योगिकी कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी पर जारी की है। इसमें कहा गया है कि गैर-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी भूमिकाओं ने 2020 से सकारात्मक कहानी पेश की है, जिसमें लैंगिक समानता में क्रमिक सुधार दिखाई दे रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, गैर-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी पदों पर महिलाओं का प्रतिनिधित्व 2020 में महज 1.90 प्रतिशत था। लेकिन 2023 और 2024 तक यह बढ़कर क्रमशः 11.8 प्रतिशत और 14 प्रतिशत तक पहुंच गया।

यह रिपोर्ट वर्ष 2020 और 2024 के बीच टीमलीज डिजिटल के साथ जुड़े 13,000 सहयोगी संस्थानों के कार्यबल आंकड़ों का मात्रात्मक विश्लेषण करती है।

समीक्षाधीन अवधि में भारत के प्रौद्योगिकी संविदात्मक कार्यबल की संरचना में उत्साहजनक रुझान दिखा है। प्रौद्योगिकी भूमिकाएं निभा रही महिलाओं का प्रतिनिधित्व 2020 के 9.51 प्रतिशत से बढ़कर 2024 में 27.98 प्रतिशत हो गया।

हालांकि, गैर-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों की प्रौद्योगिकी भूमिकाओं में केवल 3.35 प्रतिशत महिलाएं ही वरिष्ठ स्तर पर हैं, 4.07 प्रतिशत मध्य-स्तर पर हैं जबकि 3.03 प्रतिशत महिला कर्मचारी प्रवेश-स्तर की भूमिकाओं में हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, बैंकिंग, वित्त एवं बीमा (बीएफएसआई) खंड में गैर-प्रौद्योगिकी और प्रौद्योगिकी कौशल दोनों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक है, जो क्रमशः 49.28 प्रतिशत और 44.31 प्रतिशत है।

इसके बाद जीवन विज्ञान एवं स्वास्थ्य देखभाल खंड का स्थान है, जहां गैर-प्रौद्योगिकी एवं प्रौद्योगिकी कौशल में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 47.32 प्रतिशत और 34.58 प्रतिशत है।

टीमलीज डिजिटल की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नीति शर्मा ने कहा, ‘‘गैर-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी पदों पर महिलाओं का प्रतिनिधित्व 2024 में उल्लेखनीय रूप से बढ़कर 14 प्रतिशत हो गया, जो समावेशन की ओर एक आशाजनक बदलाव को दर्शाता है।’’

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments