नयी दिल्ली, छह अक्टूबर (भाषा) वीवर्क इंडिया मैनेजमेंट लिमिटेड के आईपीओ को सोमवार को शेयर बिक्री के दूसरे दिन 13 प्रतिशत बोलियां मिलीं।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के आईपीओ को 2,54,89,748 निर्गम के मुकाबले 34,23,780 शेयर के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
निवेशकों की श्रेणी में, खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के हिस्से को 37 प्रतिशत अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को नौ प्रतिशत और गैर-संस्थागत निवेशकों के कोटे को छह प्रतिशत बोलियां मिलीं।
वीवर्क इंडिया ने एंकर निवेशकों से 1,348 करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक राशि एकत्र की है।
कंपनी का 3,000 करोड़ रुपये का निर्गम मंगलवार को समाप्त होगा। इसका मूल्य दायरा 615-648 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है, जिससे कंपनी का ऊपरी मूल्यांकन लगभग 8,685 करोड़ रुपये बैठता है।
यह आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) पूरी तरह से 4.63 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए बिक्री प्रस्ताव है। इसमें प्रवर्तक समूह की इकाई एम्बेसी बिल्डकॉन एलएलपी और निवेशक 1 एरियल वे टेनेंट लिमिटेड (वीवर्क ग्लोबल का हिस्सा) अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
वर्तमान में, एम्बेसी समूह के पास वीवर्क इंडिया में लगभग 76.21 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि वीवर्क ग्लोबल के पास 23.45 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
