scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशअर्थजगतजहां से भी सही भाव पर तेल मिलेगा, हम खरीदेंगेः पुरी

जहां से भी सही भाव पर तेल मिलेगा, हम खरीदेंगेः पुरी

Text Size:

बेंगलुरु, छह फरवरी (भाषा) पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को कहा कि दुनिया का तीसरा बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता देश भारत को जिस जगह से भी भरोसेमंद एवं वाजिब भाव पर तेल मिल सकता है, वह खरीदेगा।

भारत ने पिछले साल पश्चिमी देशों के दबाव को दरकिनार करते हुए रूस से सस्ती कीमत पर तेल खरीदा था। अब रूस भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता देश बन चुका है।

पुरी ने यहां भारत ऊर्जा सप्ताह सम्मेलन के दौरान कहा कि भारत तेल खरीद के मामले में अपने बड़े बाजार का इस्तेमाल करेगा। उन्होंने कहा, ‘साफ शब्दों में कहूं तो हम मार्केट कार्ड का इस्तेमाल करेंगे। हमें जहां से भी भरोसेमंद एवं वाजिब भाव पर तेल उपलब्ध है, हम वहीं से आयात करेंगे।’

यूक्रेन पर पिछले साल फरवरी में हमला करने के बाद रूस पर पश्चिमी देशों ने कई तरह के आर्थिक प्रतिबंध लगाए थे। इनमें रूस से पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद पर रोक भी शामिल है। इससे रूसी तेल के दाम घट गए।

अपनी तेल आपूर्ति के स्रोतों को विविधतापूर्ण बनाने के साथ ही भारत अब वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों पर भी खास जोर दे रहा है। इसका जिक्र करते हुए पुरी ने कहा, ‘हम तेजी से अपने ऊर्जा इस्तेमाल में हरित ऊर्जा को तरजीह दे रहे हैं। इसमें जैव-ईंधन, ‘कॉम्प्रेस्ड’ बायोगैस और हरित हाइड्रोजन शामिल हैं।’

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments