म्यूनिख, सात सितंबर (भाषा) जर्मनी की वाहन कंपनी फॉक्सवैगन भारत को अपनी किफायती छोटी इलेक्ट्रिक कारों के लिए एक संभावित बाजार के रूप में देख रही है और भागीदारों के साथ मिलकर उन्हें बाजार में सर्वोत्तम तरीके से पेश करने पर काम कर रही है। फॉक्सवैगन के मुख्य कार्यपालक (सीईओ) ओलिवर ब्लूम ने रविवार को यह जानकारी दी।
ब्लूम ने आईएए मोबिलिटी के दौरान ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि समूह ने इस आयोजन में पहली बार सम्पूर्ण इलेक्ट्रिक छोटी कार श्रृंखला पेश की। समूह का मानना है कि भारत में वाहनों पर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती से भारतीय वाहन बाजार और अधिक आकर्षक हो गया है।
भारत को लेकर ब्लूम ने कहा, ‘‘भारत एक शानदार बाज़ार है। हम यहां बहुत ज़्यादा संभावनाएं देखते हैं। हम अपने साझेदारों के साथ मिलकर यह तय कर रहे हैं कि हम यहां क्या कर सकते हैं और एक छोटी कार भी ला सकते हैं।’’
उन्होंने यह भी कहा कि भारत में उनके महंगे और लक्जरी ब्रांड, जैसे ऑडी, पोर्श और लैम्बोर्गिनी के लिए भी अच्छी संभावनाएं हैं।
ब्लूम ने कहा कि कर कम होने से कंपनियों को काफी मदद मिलती है और यह देश के लिए भी अच्छा है।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
