बेंगलुरु, छह फरवरी (भाषा) धातु और खनन क्षेत्र की कंपनी वेदांता लिमिटेड ने सोमवार को उद्योग के दिग्गज डेविड रीड को अपनी सेमीकंडक्टर इकाई का प्रमुख नियुक्त किया।
कंपनी की इस खंड में मोबाइल फोन से लेकर लैपटॉप और टीवी सेट के लिए आवश्यक चिप बनाने पर 20 अरब डॉलर निवेश करने की योजना है।
इससे पहले रीड, एनएक्सपी सेमीकंडक्टर्स के साथ कार्यरत थे। यहां पर वह वैश्विक परिचालन के कार्यकारी उपाध्यक्ष और महाप्रबंधक थे।
वेदांता के परिचालक अनिल अग्रवाल ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि समूह अगले दो-तीन वर्षों के अंदर गुजरात के धोलेरा में सेमीकंडक्टर का निर्माण शुरू करना चाहता है।
उन्होंने कहा, ”शुरुआत में इस कार्य पर हम पांच अरब डॉलर का निवेश करेंगे। हम बाद में इसे बढ़ाएंगे।”
सेमीकंडक्टर को ताइवान की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी फॉक्सकॉन के साथ संयुक्त उद्यम में बनाया जाएगा। संयुक्त उद्यम में वेदांता की 63 प्रतिशत और शेष फॉक्सकॉन की हिस्सेदारी है।
भाषा रिया रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
