scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशअर्थजगतउप्र बजट 2026-27 : अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास के मद में 13 प्रतिशत की वृद्धि

उप्र बजट 2026-27 : अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास के मद में 13 प्रतिशत की वृद्धि

Text Size:

(तस्वीर के साथ)

लखनऊ, 11 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को विधानसभा में पेश किए गए 2026-27 के बजट में आधारभूत ढांचा एवं औद्योगिक विकास के मद में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 13 प्रतिशत की वृद्धि की है।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्‍ना ने बजट पेश करते हुए सदन में कहा कि अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास की योजनाओं के लिए 27,103 करोड़ रुपये की व्‍यवस्‍था प्रस्तावित है जो वर्ष 2025-26 की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है।

अवस्थापना विकास मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ नीत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार की प्राथमिकताओं में है और इस दिशा में सरकार ने विशेष ध्यान दिया है।

खन्‍ना ने बताया कि मुख्‍यमंत्री औद्योगिक क्षेत्र विस्तारीकरण एवं नये औद्योगिक क्षेत्र प्रोत्साहन योजना हेतु 5000 करोड़ रुपये की व्‍यवस्‍था प्रस्तावित है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना में टैबलेट एवं स्मार्टफोन के वितरण की प्रक्रिया जारी है और इसके लिए 2374 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। वहीं अटल अवसंरचना मिशन के तहत 2,000 करोड़ रुपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है।

विदेशी प्रत्यक्ष निवेश और ‘फॉर्च्यून 500’ कंपनियों को आकर्षित करने के लिए 2023 की प्रोत्साहन नीति को लागू करने हेतु 1,000 करोड़ रुपये की बजट में व्यवस्था है।

वित्त मंत्री ने कहा कि रक्षा औद्योगिक गलियारे के अंतर्गत 200 रक्षा इकाइयों की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिनमें 35,280 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश और 53,263 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार अनुमानित है।

सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के लिए 3822 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं जो 2025-26 की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है।

वित्त मंत्री ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र एक नई योजना है जिसके लिए 575 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लिए 1000 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लिए 225 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।

खन्‍ना ने बताया कि एक नई योजना ‘एक जिला-एक व्यंजन’ के लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि हथकरघा वस्त्र उद्योग में लगभग 5041 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है जो पिछले वर्ष की तुलना में पांच गुना से अधिक है।

मंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में वस्‍त्रोद्योग के क्षेत्र में 30 हजार रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है।

भाषा आनन्द निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments