scorecardresearch
Sunday, 15 March, 2026
होमदेशअर्थजगतयूफ्लैक्स अक्टूबर-नवंबर तक शुरू करेगी पेपर स्ट्रॉ की आपूर्ति

यूफ्लैक्स अक्टूबर-नवंबर तक शुरू करेगी पेपर स्ट्रॉ की आपूर्ति

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) प्लास्टिक स्ट्रॉ पर एक जुलाई से पाबंदी लगने के मद्देनजर पैकेजिंग क्षेत्र की कंपनी यूफ्लेक्स लिमिटेड स्थानीय स्तर पर तैयार पेपर स्ट्रॉ की अक्टूबर-नवंबर तक आपूर्ति शुरू करने के लिए अपने प्रयास तेज कर रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

कंपनी ने गुजरात के साणंद स्थित पैकेजिंग संयंत्र में यू-आकार के पेपर स्ट्रॉ के उत्पादन के लिए करीब 100 करोड़ रुपये का शुरुआती निवेश किया है। उसने आपूर्तिकर्ताओं से आवश्यक उपकरण मंगवा लिए हैं।

यूफ्लेक्स लिमिटेड के समूह मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) राजेश भाटिया ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि स्ट्रॉ के छह अरब पैकेट की जरूरत होगी। हम इस क्षमता को हासिल करने की तैयारी कर रहे हैं, इसमें छह महीने से एक साल का वक्त लगेगा।’’

उन्होंने बताया कि कंपनी इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर तक रोजमर्रा के उपभोग के सामान बनाने वाली (एफएमसीजी) कंपनियों और कृषि खाद्य कंपनियों को पेपर स्ट्रॉ की आपूर्ति शुरू कर सकती है।

कंपनी ने उम्मीद जताई कि 2022-23 की दूसरी तिमाही में उत्पादन शुरू हो सकेगा और क्षमता 10 करोड़ स्ट्रॉ प्रतिमाह होगी। चालू वित्त वर्ष की चौथी तिमाही तक पूर्ण क्षमता के साथ उत्पादन शुरू किया जा सकेगा।

पार्ले एग्रो और डाबर जैसी कंपनियों ने फ्रूट जूस के पैकेटों के साथ पेपर स्ट्रॉ देना शुरू कर दिया है। अमूल भी जैविक रूप से अपघटनीय स्ट्रॉ के विनिर्माण पर काम कर रही है। वहीं मदर डेयरी पेपर स्ट्रॉ आयात कर सकती है।

भाषा

मानसी अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments