scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशअर्थजगतट्राई के साथ दूरसंचार कंपनियों की 17 फरवरी को बैठक, कॉल ड्रॉप, 5जी मानदंडों पर होगी चर्चा

ट्राई के साथ दूरसंचार कंपनियों की 17 फरवरी को बैठक, कॉल ड्रॉप, 5जी मानदंडों पर होगी चर्चा

Text Size:

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने 17 फरवरी को दूरसंचार कंपनियों के साथ बैठक बुलाई है। इस बैठक में सेवा की गुणवत्ता में सुधार के उपायों, 5जी सेवाओं के लिए मानकों और अवांछित वाणिज्यिक संचार पर चर्चा की जाएगी।

यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि दूरसंचार सेवा की गुणवत्ता में सुधार से कॉल ड्रॉप और खराब नेटवर्क से परेशान मोबाइल ग्राहकों को राहत मिलेगी। यह बैठक ऐसे समय में होने जा रही है, जब देशभर में अत्यधिक तेज गति वाली 5जी सेवाएं शुरू हो रही हैं। अबतक भारत के 200 से अधिक शहरों में 5जी सेवाओं की शुरुआत हुई है।

पिछले कुछ महीनों में सेवा की गुणवत्ता से जुड़े मुद्दे सुर्खियों में रहे हैं। दूरसंचार विभाग ने दिसंबर में कॉल ड्रॉप और सेवा गुणवत्ता से संबंधित मुद्दों के बढ़ते मामलों पर चर्चा करने के लिए परिचालकों के साथ बातचीत की थी।

ट्राई ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि सेवा की गुणवत्ता (क्यूओएस) में सुधार ‘‘एक लगातार चलने वाली कवायद है। इसके लिए खासतौर से तेज गति वाले नेटवर्क विस्तार और 5जी जैसी नवीनतम तकनीक की शुरूआत के साथ मूल्यांकन और निगरानी की जरूरत है।’’

बयान में आगे कहा गया, ‘‘इस सिलसिले में ट्राई ने 17 फरवरी, 2023 को दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ एक बैठक बुलाई है, जिसमें क्यूओएस में सुधार के उपायों और क्यूओएस मानकों की समीक्षा, 5जी सेवाओं के क्यूओएस और अवांछित वाणिज्यिक संचार पर चर्चा की जाएगी।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments