मुंबई, 20 नवंबर (भाषा) देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टीसीएस ने बृहस्पतिवार को अपने आगामी डेटा सेंटर कारोबार के लिए निजी इक्विटी कंपनी टीपीजी के साथ गठजोड़ की घोषणा की। दोनों साझेदार मिलकर इस व्यवसाय में 18,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।
टीपीजी ‘हाइपरवॉल्ट’ नाम के एआई डेटा सेंटर व्यवसाय में एक अरब डॉलर या करीब 8,870 करोड़ रुपये निवेश करेगी। इस उद्यम में उसकी 27.5 प्रतिशत से 49 प्रतिशत के बीच हिस्सेदारी होगी।
एक बयान के मुताबिक, ‘‘टीपीजी को एक रणनीतिक निवेश साझेदार के तौर पर लाने से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को अपने निवेशकों को बेहतर प्रतिफल दिलाने, अपने पूंजीगत व्यय को कम करने और डेटा सेंटर मंच के लिए दीर्घावधि मूल्य बनाने में मदद मिलेगी।’’
टीसीएस ने पिछले महीने डेटा सेंटर के क्षेत्र में प्रवेश की घोषणा की थी, और 6.5 अरब डॉलर तक निवेश करने
की योजना बनाई है।
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि टीपीजी भारत में बड़े स्तर के डेटा सेंटर बनाने की यात्रा में हमारे साथ शामिल हो रही है। इससे हाइपरस्केलर और एआई कंपनियों के साथ हमारी साझेदारी और मजबूत होगी।’’
उन्होंने आगे कहा कि इस क्षमता के साथ टीसीएस अपने ग्राहकों और साझेदारों के लिए संपूर्ण एआई समाधान देने के लिए खास स्थिति में है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
