scorecardresearch
Thursday, 19 March, 2026
होमदेशअर्थजगतटाटा कैपिटल के आईपीओ के लिए 310-326 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय

टाटा कैपिटल के आईपीओ के लिए 310-326 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर (भाषा) टाटा कैपिटल ने अगले सप्ताह आने वाले अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 310 रुपये से 326 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। यह जुलाई में आए राइट्स इश्यू के मूल्य से करीब पांच प्रतिशत कम है।

गैर-बैंकिंग वित्तीय क्षेत्र (एनबीएफसी) की तीसरी बड़ी कंपनी टाटा कैपिटल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजीव सभरवाल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सभरवाल ने कहा कि कंपनी ने राइट्स इश्यू की तुलना में मूल्य दायरा को पांच प्रतिशत कम रखने का कदम बड़ी संख्या में खुदरा निवेशकों को आकर्षित करने और भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया है।

कंपनी ने जुलाई में राइट्स इश्यू के जरिये 1,750 करोड़ रुपये जुटाए थे, जिसमें शेयर की कीमत 343 रुपये रखी गई थी।

उन्होंने कहा कि आईपीओ के लिए मूल्य दायरा संस्थागत निवेशकों की मांग और खुदरा निवेशकों की पहुंच के बीच संतुलन बनाने के लिहाज से तय की गई है।

सभरवाल ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘संस्थागत निवेशक ऊंचे मूल्य पर निवेश करने के लिए तैयार थे, लेकिन हमारे निदेशक मंडल ने एक ऐसा मूल्य दायरा तय किया जो व्यापक भागीदारी, खासकर खुदरा निवेशकों को प्रोत्साहित करे। इसका उद्देश्य मजबूत मांग, स्वस्थ तरलता और सार्वजनिक बाजारों में स्थायी विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है।’

टाटा समूह की कंपनी टाटा कैपिटल का ऋण पोर्टफोलियो 2.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक है, जिसमें 88 प्रतिशत से अधिक ऋण खुदरा और एसएमई ग्राहकों को दिया गया है। इसके आवासीय व्यवसाय ने बड़ी आवासीय वित्त कंपनियों में सर्वश्रेष्ठ वृद्धि दर दर्ज की है।

कंपनी इस आईपीओ के माध्यम से अधिकतम 15,512 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है, जो वर्ष 2025 का सबसे बड़ा निर्गम होगा। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का अनुमानित मूल्य 1.38 लाख करोड़ रुपये है।

टाटा कैपिटल का आईपीओ छह अक्टूबर को खुलेगा और आठ अक्टूबर को बंद होगा। आईपीओ में कुल 47.58 करोड़ शेयर होंगे जिसमें 21 करोड़ शेयरों का ताजा निर्गम और 26.58 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश की जा रही है।

आईपीओ से जुटाई गई राशि का उपयोग कंपनी के टियर-1 पूंजी यानी शेयर पूंजी आधार को मजबूत करने और भविष्य की पूंजी जरूरतों के लिए किया जाएगा।

यह टाटा समूह की किसी कंपनी का हाल के वर्षों में आने वाला दूसरा सार्वजनिक निर्गम होगा। इससे पहले टाटा टेक्नोलॉजीज का शेयर नवंबर, 2023 में सूचीबद्ध हुआ था।

सभरवाल ने कहा कि कंपनी का मुख्य रूप से ध्यान हरित वित्तपोषण और डिजिटल नवाचार पर है। पिछले साल टाटा क्लीनटेक कैपिटल के विलय से कंपनी के कारोबार को मजबूती मिली थी।

वित्त वर्ष 2024-25 में इसका स्वच्छ प्रौद्योगिकी एवं अवसंरचना पोर्टफोलियो 18,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था।

सभरवाल ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य खुदरा और छोटे एवं मझोले उद्यमों को ऋण में तेज वृद्धि के साथ उच्च गुणवत्ता वाले सुरक्षित पोर्टफोलियो बनाना है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments