scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशअर्थजगतझारखंड विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 6,450 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश

झारखंड विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 6,450 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश

Text Size:

रांची, 20 फरवरी (भाषा) झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए शुक्रवार को विधानसभा में 6,450 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया।

चालू वित्त वर्ष में राज्य सरकार का यह तीसरा अनुपूरक बजट था।

विधानसभा में पेश की गई पूरक मांगों में ग्रामीण कार्य विभाग को सर्वाधिक 1,717.58 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव है। इसके बाद महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के लिए 779 करोड़ रुपये और पंचायती राज विभाग के लिए 658.56 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

किशोर ने विधानसभा भवन के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘सरकार शनिवार को सदन में अपने जवाब के दौरान पूरक बजट का पूरा विवरण रखेगी। विपक्ष के सभी सवालों का भी जवाब दिया जाएगा।’

इससे पहले आठ दिसंबर, 2025 को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान 7,721.25 करोड़ रुपये का दूसरा अनुपूरक बजट ध्वनिमत से पारित किया गया था।

पिछले साल मार्च में वित्त मंत्री ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1.45 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक बजट पेश किया था।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments