scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशअर्थजगतकच्चे तेल में तेजी से शेयर बाजार फिसला, सेंसेक्स 583 अंक टूटा

कच्चे तेल में तेजी से शेयर बाजार फिसला, सेंसेक्स 583 अंक टूटा

Text Size:

मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) कच्चे तेल के ऊंचे स्तर, कमजोर वैश्विक रुख और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरकर बंद हुए। सेंसेक्स करीब 583 अंक नुकसान में रहा जबकि निफ्टी 180 अंक टूट गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 582.86 अंक यानी 0.75 प्रतिशत टूटकर 76,913.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,237.5 अंक तक लुढ़क गया था लेकिन दोपहर के सत्र में कुछ संभल गया।

वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 180.10 अंक यानी 0.74 प्रतिशत गिरकर 23,997.55 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ, सन फार्मा, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.52 प्रतिशत गिरकर 116.2 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,468.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक एवं शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘शुरुआत में घबराहट भरी बिकवाली के बाद बाजार में सुधार देखने को मिला। हालांकि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।’

व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.84 प्रतिशत के नुकसान में रहा जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.58 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

क्षेत्रवार सूचकांकों में धातु खंड को सर्वाधिक 2.13 प्रतिशत का नुकसान उठाना पड़ा। पीएसयू बैंक खंड में 1.66 प्रतिशत, रियल्टी खंड में 1.44 प्रतिशत और जिंस खंड में 1.36 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (अनुसंधान) अजीत मिश्रा ने कहा, ‘यह गिरावट मुख्य रूप से कच्चे तेल में आए तेज उछाल की वजह से आई। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते तेल की आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंग सेंग एक प्रतिशत से अधिक टूटकर बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ।

यूरोपीय बाजार मिलेजुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए थे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘चार साल में पहली बार ब्रेंट क्रूड ने 120 डॉलर प्रति बैरल का भी स्तर छू लिया। इससे महंगाई को लेकर चिंता बढ़ी है और वैश्विक बाजारों पर दबाव पड़ा है।’

नायर ने कहा कि घरेलू स्तर पर वाहन, बैंक, धातु और रियल एस्टेट शेयरों में गिरावट रही, जबकि आईटी और दवा कंपनियों में चुनिंदा खरीदारी देखने को मिली।

घरेलू शेयर एवं विदेशी मुद्रा बाजार शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर बंद रहेंगे।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments