scorecardresearch
Saturday, 7 February, 2026
होमदेशअर्थजगतशेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 142 अंक मजबूत

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 142 अंक मजबूत

Text Size:

मुंबई, नौ फरवरी (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 142 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के साथ सूचना प्रौद्योगिकी और वित्तीय शेयरों में लिवाली से बाजार बढ़त में रहा।

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 142.43 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60,806.22 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ऊंचे में 60,863.63 तक गया और नीचे में 60,472.81 अंक तक आया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 21.75 अंक यानी 0.12 प्रतिशत मजबूत होकर 17,893.45 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फिनसर्व सबसे अधिक 2.30 प्रतिशत मजबूत हुआ। लाभ में रहने वाले अन्य शेयरों में एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और टीसीएस शामिल हैं।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा मोटर्स और सन फार्मा शामिल हैं। इनमें 1.03 प्रतिशत तक की गिरावट आई।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में 18 लाभ में और 12 नुकसान में रहे।

कोटक सिक्योरिटीज लि. के इक्विटी शोध प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘कारोबारी किसी प्रकार के ठोस सकारात्मक संकेत के अभाव में बाजार से दूर रहे। वैश्विक नरमी और दुनिया के विभिन्न देशों में केंद्रीय बैंकों के नीतिगत दर में वृद्धि पर रोक को लेकर कोई संकेत नहीं होने से धारणा प्रभावित हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, बाजार सीमित दायरे में रहा और अल्प अवधि में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।’’

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा कि अडाणी समूह के शेयरों में गिरावट की एमएससीआई (मोर्गन स्टेनले कैपिटल इंटरनेशनल) समीक्षा से उतार-चढ़ाव के बावजूद आईटी शेयरों में लिवाली से बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी रही।

उन्होंने कहा कि अडाणी की कंपनियों को लेकर एमएससीआई समीक्षा में कोई अगर काफी अधिक नकारात्मक परिणाम आता है, तो इससे शुक्रवार को निफ्टी नीचे खुल सकता है।

अडाणी पावर का शेयर बीएसई में पांच प्रतिशत गिरकर 172.90 पर बंद हुआ। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ दिसंबर तिमाही में 96 प्रतिशत घटकर 8.77 करोड़ रुपये रहने से शेयर नीचे आया।

दूसरी तरफ अडाणी विल्मर लि. पांच प्रतिशत उछलकर 440.30 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ तीसरी तिमाही में 16 प्रतिशत बढ़कर 246.16 करोड़ रुपये रहा है।

अडाणी समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज 10.72 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन 2.90 प्रतिशत, अडाणी ट्रांसमिशन और अडाणी टोटल गैस पांच प्रतिशत नीचे आए।

अंबुजा सीमेंट 6.86 प्रतिशत, एनडीटीवी 4.92 प्रतिशत और एसीसी 2.91 प्रतिशत नुकसान में रहे।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे। जबकि जापान का निक्की नुकसान में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट में बुधवार को गिरावट रही।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 736.82 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.29 प्रतिशत बढ़कर 85.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

भाषा

रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments