scorecardresearch
Wednesday, 18 February, 2026
होमदेशअर्थजगतअडाणी के संयंत्रों, ट्रक मालिकों के बीच विवाद निपटाने को हिमाचल के मुख्यमंत्री से बात की : ठाकुर

अडाणी के संयंत्रों, ट्रक मालिकों के बीच विवाद निपटाने को हिमाचल के मुख्यमंत्री से बात की : ठाकुर

Text Size:

शिमला, 16 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने बिलासपुर और सोलन जिलों में अडानी समूह के स्वामित्व वाले सीमेंट संयंत्रों और ट्रक यूनियनों के बीच विवाद का जल्द से जल्द समाधन निकालने के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की है।

बरमाणा (जिला बिलासपुर) और दारलाघाट (जिला सोलन) के सीमेंट संयंत्रों ने माल ढुलाई भाड़े के विवाद के कारण परिचालन बंद कर दिया है और सीमेंट और क्लिंकर की ढुलाई में लगे ट्रक परिचालक सड़कों पर हैं।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने यहां सीमेंट संयंत्रों से जुड़े ट्रक ड्राइवरों का प्रतिनिधित्व करने वाली यूनियनों के साथ बैठक के बाद कहा, ‘‘ट्रक परिचालक हमारे परिवार के सदस्य हैं। हम इसका समाधान निकालेंगे क्योंकि दो सीमेंट संयंत्र बंद होने के कारण स्थिति गंभीर है, जिससे ट्रक परिचालकों और राज्य को नुकसान हुआ है।’’

बैठक में हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, राज्य भाजपा प्रमुख सुरेश कश्यप और श्री नैनादेवी से भाजपा विधायक रणधीर शर्मा भी उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘मामले के जल्द निपटारे के लिए मैंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके कैबिनेट मंत्रियों के साथ बातचीत की थी और राज्य सरकार का रवैया सकारात्मक था।’’

ठाकुर ने कहा कि गतिरोध ने हजारों लोगों की आजीविका को प्रभावित किया है और ‘‘हम चाहते हैं कि समस्या जल्द से जल्द सुलझ जाए’’ और ट्रक सड़कों पर वापस आ गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पहले कहा था कि इन संयंत्रों के बंद होने से राज्य को प्रतिदिन दो करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। सीमेंट संयंत्रों से लगभग 6,500 ट्रक जुड़े हुए हैं और ट्रकों के खड़े होने से कई परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments