scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशअर्थजगतसिंगापुर एयरलाइंस के सीईओ ने टाटा संस के चेयरमैन चंद्रशेखरन के साथ की बैठक

सिंगापुर एयरलाइंस के सीईओ ने टाटा संस के चेयरमैन चंद्रशेखरन के साथ की बैठक

Text Size:

मुंबई, 16 अप्रैल (भाषा) सिंगापुर एयरलाइंस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गोह चून फोंग ने बृहस्पतिवार को टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।

माना जा रहा है कि दोनों पक्षों ने घाटे में चल रही एयर इंडिया के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की।

फोंग सुबह टाटा समूह के मुख्यालय बॉम्बे हाउस पहुंचे और शाम को रवाना हो गए।

टाटा समूह ने जनवरी, 2022 में भारत सरकार से एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था और बाद में सिंगापुर एयरलाइंस ने विमानन कंपनी में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी।

एक सूत्र ने बताया कि उन्होंने एयर इंडिया के चेयरमैन चंद्रशेखरन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।

टाटा समूह के अधिकारियों के साथ हुई बैठकों के बारे में फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है।

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब एयर इंडिया कई चुनौतियों का सामना कर रही है जिनमें पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध से बढ़ती परिचालन लागत और करीब एक वर्ष से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बंद रहने का प्रभाव शामिल है।

इन प्रतिबंधों के कारण महत्वाकांक्षी बदलाव योजना के तहत काम कर रही विमानन कंपनी को लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए लंबा मार्ग अपनाना पड़ रहा है जिससे ईंधन खपत एवं खर्च बढ़ गया है।

इस महीने की शुरुआत में एयर इंडिया ने घोषणा की थी कि उसके सीईओ एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन पद छोड़ेंगे। कंपनी नए प्रमुख की तलाश कर रही है।

अहमदाबाद में पिछले वर्ष जून में हुए एआई171 विमान हादसे का भी घाटे में चल रही कंपनी पर बड़ा असर पड़ा है। इस हादसे में 260 लोगों की जान गई थी।

एक अन्य सूत्र ने बताया कि 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में एयर इंडिया को 22,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

एयर इंडिया का प्रदर्शन सिंगापुर एयरलाइंस के लिए भी वित्तीय दबाव का कारण बन रहा है।

भाषा रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments