scorecardresearch
Tuesday, 24 November, 2026
होमदेशअर्थजगतशिवराज सिंह चौहान ने पंजाब सरकार से केंद्र की फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया

शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब सरकार से केंद्र की फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया

Text Size:

चंडीगढ़, 24 नवंबर (भाषा) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को पंजाब सरकार से किसानों के हित में केंद्र की फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया।

उन्होंने बूह हवेलियां गांव में आयोजित ‘किसान चौपाल’ में किसानों से बातचीत के दौरान कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार किसानों के हित में नीतियां बनाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर रिकॉर्ड खरीद करने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय मंत्री ने किसानों से बातचीत की, उनके सुझाव लिए और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने पराली जलाना छोड़ने के लिए किसानों की सराहना की।

चौहान ने अफसोस जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की प्रमुख फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, अब तक पंजाब में लागू नहीं की गई है।

मंत्री ने कहा कि बाढ़ के दौरान भी उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस योजना को लागू करने का आग्रह किया था, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए नुकसान के लिए किसानों को मुआवजा मिल सके।

किसान चौपाल को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि किसान पूरे देश का पेट भरने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं।

उन्होंने कहा, ”मैं नेता नहीं हूं, किसानों का सेवक हूं।”

पंजाब के किसानों के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए चौहान ने कहा कि जब देश खाद्यान्न संकट का सामना कर रहा था और पीएल-480 कार्यक्रम के तहत विदेश से ‘लाल गेहूं’ आयात करना पड़ता था, तब पंजाब के किसानों ने हरित क्रांति लाकर देश के अन्न भंडार भर दिए थे।

उन्होंने कहा कि आज रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल तथा पराली जलाने के कारण धरती की सेहत बिगड़ रही है। मिट्टी के लिए उपयोगी कीट और केंचुए खत्म हो रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मिट्टी की उर्वरता की रक्षा नहीं की गई तो आने वाली पीढ़ियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।

चौहान ने बूह हवेलियां और आसपास के गांवों के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि इन किसानों ने पिछले छह वर्षों से पराली नहीं जलाई है और उसके प्रबंधन के लिए आधुनिक उपकरणों को अपनाया है।

उन्होंने ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत देश को नई दिशा दिखाई है।

किसानों से बातचीत के दौरान कुछ प्रगतिशील किसानों ने पराली प्रबंधन में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को बताया और बेलर मशीनों पर सब्सिडी देने के संबंध में सुझाव दिए।

चौहान ने इन सुझावों पर चर्चा के लिए किसानों को दिल्ली आने का निमंत्रण दिया।

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments