नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) अडाणी एंटरप्राइजेज और अडाणी पोर्ट्स समेत समूह की चार कंपनियों के शेयर शुक्रवार को तेजी के साथ बंद हुए। इससे पहले पिछले छह दिनों से अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट हुई थी।
अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर बीएसई पर 1.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,584.20 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में यह अपने एक साल के निचले स्तर 1,017.10 तक गिर गया था।
अडाणी पोर्ट्स का शेयर वापसी करते हुए 7.98 फीसदी बढ़कर 498.85 रुपये प्रति शेयर के भाव पर पहुंच गया। दिन के कारोबार के दौरान यह 14.51 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ अपने एक साल के निचले स्तर 394.95 रुपये पर पहुंच गया था।
अंबुजा सीमेंट ने 6.03 प्रतिशत और एसीसी ने 4.39 प्रतिशत की तेजी दर्ज की।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि फ्रांसीसी बिजली कंपनी टोटलएनर्जीज का बयान आने के बाद बाजार में सकारात्मक धारणा बनने से अडाणी समूह के कुछ शेयरों में तेजी देखी गई।
हालांकि, अडाणी ट्रांसमिशन में 10 फीसदी, अडाणी ग्रीन एनर्जी में 10 फीसदी, अडाणी पावर में पांच फीसदी, अडाणी टोटल गैस में पांच फीसदी, अडाणी विल्मर में 4.99 फीसदी और एनडीटीवी में 4.98 फीसदी की गिरावट हुई।
अमेरिकी कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने उद्योगपति गौतम अडाणी की अगुवाई वाले समूह पर ‘शेयरों में गड़बड़ी करने और लेखा धोखाधड़ी’ में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद समूह की कंपनियों के शेयरों में लगातार गिराावट आ रही है। अडाणी समूह ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में लगाए आरोपों को खारिज किया है।
भाषा अनुराग पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
