scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशअर्थजगतकमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सेंसेक्स, निफ्टी में एक फीसदी की गिरावट

कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सेंसेक्स, निफ्टी में एक फीसदी की गिरावट

Text Size:

मुंबई, 10 मार्च (भाषा) कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच आईटी, वित्तीय और तेल शेयरों में भारी बिकवाली के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट हुई।

इस दौरान 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 671.15 अंक या 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,135.13 पर बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स के 21 शेयर लाल निशान में बंद हुए। दिन के कारोबार में सूचकांक 58,884.98 के निचले स्तर तक चला गया था।

व्यापक एनएसई निफ्टी 176.70 अंक या एक प्रतिशत गिरकर 17,412.90 पर बंद हुआ।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के प्रमुख (खुदरा शोध) सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ”चुनिंदा अमेरिकी बैंकों में गिरावट से फेडरल रिजर्व द्वारा दरों में अगली वृद्धि को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई।”

उन्होंने कहा, ”अमेरिका में शुक्रवार देर रात जारी होने वाला रोजगार का आंकड़ा फेडरल रिजर्व की आगामी बैठक के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि यह ब्याज दरों के फैसले को भी प्रभावित कर सकता है।”

सेंसेक्स में गिरने वाले प्रमुख शेयर एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, एचडीएफसी, और इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, एमएंडएम, एलएंडटी, रिलायंस, इंफोसिस और टीसीएस थे।

इसके विपरीत टाटा मोटर्स, मारुति, एनटीपीसी, सन फार्मा, पावर ग्रिड और टाइटन में बढ़त हुई।

विश्लेषकों ने कहा कि कमजोर एशियाई बाजारों के बीच वित्तीय, बैंकिंग, आईटी और पूंजीगत वस्तुओं के शेयरों में भारी बिकवाली के चलते बाजार में गिरावट हुई।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ”अमेरिकी बााजारों में बिकवाली एसवीबी फाइनेंशियल में 60 प्रतिशत की गिरावट से शुरू हुई। यह एक बैंक है, जो मुख्य रूप से स्टार्टअप्स को फंड करता है। इसने बाजार की धारणा को प्रभावित किया, जिससे बैंकिंग शेयरों पर दबाव बढ़ा। इस बात को लेकर चिंता बढ़ रही है कि ब्याज दरों में बढ़ोतरी से कर्ज अदायगी प्रभावित हो सकती है।”

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिकी बेरोजगारी और गैर-कृषि पेरोल आंकड़े जारी होने का इंतजार करने के बीच बिकवाली तेज हो गई।

व्यापक बाजारों में बीएसई मिडकैप 171.10 अंक या 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,617.91 पर बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप सूचकांक 165.29 अंक या 0.59 प्रतिशत गिरकर 27,952.11 पर बंद हुआ।

क्षेत्रवार बात करें तो वित्तीय सेवाओं में 1.77 फीसदी, बैंक में 1.85 फीसदी, पूंजीगत वस्तुओं में 1.08 फीसदी, रियल्टी में 1.07 फीसदी और आईटी में 0.63 फीसदी की गिरावट आई।

दूसरी ओर दूरसंचार में 1.21 फीसदी और बिजली में 1.08 फीसदी की तेजी आई।

अमेरिका में बृहस्पतिवार को एसएंडपी 500 में 1.8 प्रतिशत की गिरावट आई, डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज शेड 1.7 प्रतिशत और नैस्डैक कंपोजिट 2.1 प्रतिशत गिर गया।

शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 561.78 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments