(तस्वीर के साथ)
मुंबई, 28 दिसंबर (भाषा) उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में दोनों मानक सूचकांक… बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी बुधवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख के बीच दो दिन लगातार तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से बाजार मामूली नुकसान में रहा।
बीएसई का तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 17.15 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60,910.28 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 213.66 अंक तक नीचे चला गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 9.80 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 18,122.50 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा मोटर्स प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड और मारुति शामिल हैं।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के उपाध्यक्ष (तकनीकी शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘प्रमुख सूचकांकों में सुस्ती रही और मिलेजुले संकेतों के बीच ये लगभग सपाट बंद हुए। शुरुआती गिरावट के बाद निफ्टी पूरे दिन एक सीमित दायरे में रहा, हालांकि चुनिंदा शेयरों में खरीदारी से उम्मीद बनी रही।’’
व्यापक बाजार में, बीएसई स्मॉलकैप 0.45 प्रतिशत चढ़ गया और मिडकैप 0.23 प्रतिशत के लाभ में रहा।
क्षेत्रवार बात करें तो तेल और गैस में 1.26 प्रतिशत, ऊर्जा में 1.22 प्रतिशत, उपयोगिता में 1.18 प्रतिशत, बिजली में 1.15 प्रतिशत और ऑटो में 0.70 प्रतिशत की बढ़त हुई।
वित्तीय सेवाओं, दूरसंचार, बैंक, धातु और प्रौद्योगिकी शेयरों में गिरावट हुई।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में रहे।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि बाजार लाभ और नुकसान के बीच घूमता रहा। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख का असर घरेलू बाजार पर पड़ा।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.71 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 872.59 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
भाषा पाण्डेय अजय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
