scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया 79.78 रुपये प्रति डॉलर पर स्थिर

रुपया 79.78 रुपये प्रति डॉलर पर स्थिर

Text Size:

मुंबई, 26 जुलाई (भाषा) अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के आक्रामक रुख के साथ ब्याज दर में भारी वृद्धि किये जाने की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी और विदेशी पूंजी की बाजार से निकासी के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये ने शुरुआती लाभ गंवा दिया और मंगलवार को यह डॉलर के मुकाबले स्थिर रुख के साथ बंद हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 79.73 पर खुला। कारोबार के दौरान रुपये ने 79.72 के उच्चस्तर और 79.81 के निचले स्तर को भी छुआ।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक, दिलीप परमार के अनुसार, बुधवार को फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक से पहले विदेशी मुद्रा बाजारों ने ‘देखो और इंतजार करो’ का रुख अपनाया।

इसके अलावा, कमजोर घरेलू शेयर बाजार और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का भी रुपये पर असर हुआ।

हालांकि, कारोबार के अंत में रुपया 79.78 (अस्थायी) के भाव पर अपरिवर्तित बंद हुआ। सोमवार को रुपया 12 पैसे की बढ़त को दर्शाता 79.78 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.31 प्रतिशत बढ़कर 106.81 हो गया।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.71 प्रतिशत बढ़कर 106.95 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 497.73 अंक की गिरावट के साथ 55,268.49 अंक पर बंद हुआ।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments