मुंबई, सात अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितताओं के बीच रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में एक पैसे टूटकर 88.75 प्रति डॉलर पर आ गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण भी स्थानीय मुद्रा दबाव में है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.72 पर थोड़ा मजबूत खुला लेकिन जल्द ही यह एक पैसे टूटकर 88.75 प्रति डॉलर पर आ गया।
रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.74 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.86 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 93.83 अंक या 0.11 प्रतिशत चढ़कर 81,883.95 अंक पर जबकि निफ्टी 46.35 अंक या 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,124.00 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 65.69 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 313.77 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
