नयी दिल्ली, छह जनवरी (भाषा) रिलायंस समूह की दो कंपनियों – रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) और रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) ने लोटस चॉकलेट में 26 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी हासिल करने के लिए खुली पेशकश की है।
डीएएम कैपिटल ने एक नोटिस में कहा कि दोनों कंपनियां खुले बाजार से 115.50 रुपये प्रति शेयर की तय कीमत पर लोटस चॉकलेट के 33.38 लाख शेयरों का अधिग्रहण करेंगी।
शेयर बाजारों को बृहस्पतिवार को दी जानकारी के मुताबिक प्रस्ताव पूरी तरह स्वीकृत होने पर पेशकश का कुल आकार 38.56 करोड़ रुपये होगा।
सार्वजनिक नोटिस में कहा गया कि खुली पेशकश 21 फरवरी से शुरू होकर छह मार्च तक चलेगी। लोटस चॉकलेट के शेयर बृहस्पतिवार को 149.35 रुपये के भाव पर बंद हुए थे।
आरसीपीएल, आरआरवीएल की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।
पिछले हफ्ते आरसीपीएल ने लोटस की चुकता इक्विटी शेयर पूंजी के 51 प्रतिशत हिस्से के अधिग्रहण की घोषणा की थी। इसके बाद यह खुली पेशकश की गई।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
