नयी दिल्ली, 24 नवंबर (भाषा) देश में मजबूत आर्थिक वृद्धि के कारण अगले छह महीनों के लिए जमीन, मकान क्षेत्र की विकास संभावनाओं को लेकर रियल एस्टेट कंपनियों और वित्तीय संस्थानों का रुख सकारात्मक हैं। रियल एस्टेट क्षेत्र के शीर्ष निकाय नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (नारेडको) और संपत्ति सलाहकार कंपनी नाइट फ्रैंक की एक रिपोर्ट में यह कहा गया है।
नारेडको और नाइट फ्रैंक इंडिया ने मंगलवार को जुलाई-सितंबर, 2026 तिमाही के लिए ‘रियल एस्टेट सेंटीमेंट इंडेक्स’ का 50वां संस्करण जारी किया। इसमें देश के रियल एस्टेट क्षेत्र में भरोसे में व्यापक सुधार के संकेत मिले हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा धारणा सूचकांक पिछली तिमाही के 48 अंक से बढ़कर 56 अंक पर पहुंच गया। इस तरह लगातार दो तिमाहियों तक तटस्थ स्तर से नीचे रहने के बाद यह फिर सकारात्मक दायरे में आ गया है।
इसी तरह, भविष्य की धारणा का सूचकांक भी 50 अंक से बढ़कर 58 अंक हो गया। इससे संकेत मिलता है कि इस क्षेत्र से जुड़े पक्ष अगले छह महीनों की संभावनाओं को लेकर अधिक सकारात्मक हैं।
यह सूचकांक रियल एस्टेट क्षेत्र में आपूर्ति से जुड़े पक्षों और वित्तीय संस्थानों की धारणा के साथ-साथ आर्थिक माहौल और वित्तपोषण की उपलब्धता का आकलन करता है। इसमें 50 अंक तटस्थ धारणा को दर्शाते हैं। 50 से अधिक अंक सकारात्मक और इससे कम अंक नकारात्मक धारणा का संकेत देते हैं।
नारेडको के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा, “रियल एस्टेट सेंटीमेंट इंडेक्स का 50वां संस्करण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इसके ताजा आंकड़े दर्शाते हैं कि रियल एस्टेट क्षेत्र एक बार फिर मजबूती हासिल कर रहा है। सभी क्षेत्रों में अब सकारात्मक रुख लौट रहा है। कंपनियों की धारणा एक साल पहले के स्तर पर वापस आ गई है और ऐसे लोगों की संख्या दोगुनी होकर 42 प्रतिशत हो गई है जो बेहतर आवासीय परियोजनाएं पेश करने की उम्मीद कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘निर्माण और कर्ज की लागत बढ़ने के बीच उद्योग की प्राथमिकता मांग के अनुरूप और सोच-समझकर आपूर्ति बढ़ाने की होनी चाहिए। इसके लिए समय पर मंजूरी और बुनियादी ढांचे में निरंतर निवेश जरूरी है।’’
नाइट फ्रैंक ने कहा, ”इस सुधार से भारत की घरेलू आर्थिक वृद्धि की मजबूती, आवासीय और कार्यालय बाजारों में बेहतर संभावनाओं तथा रियल एस्टेट कंपनियों और अन्य पक्षों के बीच भरोसा लौटने का पता चलता है।”
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में आर्थिक वृद्धि दर सालाना आधार पर 7.8 प्रतिशत रही। वहीं, कार्यालयों के लिए जगह किराये पर लेने की गतिविधियां मजबूत बनी रहीं और त्योहारों के कारण आवासीय मांग में सुधार की उम्मीद बढ़ी है।
भाषा योगेश रमण
योगेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.