नई दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) नियामक एईआरए प्रमुख हवाई अड्डों के लिए एक समान, संतुलित और शुल्क आधारित प्रदर्शन मानक ढांचा लागू करने की योजना बना रहा है।
इसके तहत बेहतर सेवाओं के लिए प्रोत्साहन के साथ ही हवाई अड्डा संचालकों के अनुपालन न करने पर कटौती भी की जाएगी।
हवाई अड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण (एईआरए) ने देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर प्रदर्शन मानकों के लिए एक मसौदा ढांचा तैयार किया है।
यह मसौदा ढांचा मौजूदा सेवा गुणवत्ता आवश्यकताओं और वैश्विक ढांचों सहित कई पहलुओं को शामिल करते हुए एक विस्तृत अध्ययन के बाद तैयार किया गया।
इस ढांचे में 32 वस्तुनिष्ठ मानदंड होंगे, जिनमें हवाई अड्डे के संचालन से संबंधित मानदंड शामिल हैं। इसके अलावा 18 व्यक्तिपरक मानदंड होंगे, जैसे कि यात्री प्रतिक्रिया की गुणवत्ता और भरोसे से संबंधित मानदंड।
देश के प्रमुख हवाई अड्डे सालाना 15 लाख से अधिक यात्रियों को संभालते हैं।
नियामक ने कहा, ‘‘ऐसे माहौल में जहां प्रतिस्पर्धी विकल्प सीमित हैं, लगातार सेवा वृद्धि का समर्थन करने के लिए प्रदर्शन निगरानी एक सक्रिय तंत्र का काम करती है।’’
एईआरए ने कहा कि मूल्य निर्धारण ढांचे हमेशा से नियामक निगरानी का केंद्र बिंदु रहे हैं, लेकिन सेवा की गुणवत्ता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
