scorecardresearch
Thursday, 16 April, 2026
होमदेशअर्थजगतप्रताप टेक्नोक्रेट्स और बीएसएनएल के बीच 8,025 करोड़ रुपये का समझौता

प्रताप टेक्नोक्रेट्स और बीएसएनएल के बीच 8,025 करोड़ रुपये का समझौता

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी प्रताप टेक्नोक्रेट्स ने सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल के साथ 8,025 करोड़ रुपये के एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस अनुबंध के तहत वह ‘भारतनेट चरण-तीन’ के डिजाइन, निर्माण, संचालन और रखरखाव का कार्य करेगी।

कंपनी के अनुसार, इस समझौते के तहत प्रताप टेक्नोक्रेट्स राजस्थान, हरियाणा और असम राज्य में संशोधित भारतनेट कार्यक्रम के हिस्से के रूप में नेटवर्क का विस्तार करेगी।

कंपनी ने बयान में कहा कि यह समझौता भारत के ग्रामीण ब्रॉडबैंड बुनियादी ढांचा कार्यक्रम में उसकी भागीदारी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस समझौते पर बीएसएनएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक ए रॉबर्ट जे रवि और प्रताप टेक्नोक्रेट्स के प्रबंध निदेशक शक्ति सिंह शेखावत की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।

इस नए अनुबंध के तहत, कंपनी इन तीन राज्यों में ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क यानी इंटरनेट की तारों को बिछाने, उन्हें चालू करने और अगले 10 वर्षों तक उनके रखरखाव का काम संभालेगी।

इस कार्य का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में तेज रफ्तार इंटरनेट की पहुंच को मजबूत करना है।

प्रताप टेक्नोक्रेट्स के चेयरमैन देवेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान, हरियाणा और असम में चरण-तीन का काम मिलना हमारी क्षमता पर भरोसे को दर्शाता है। भारतनेट के इस विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन सरकारी कामकाज (ई-गवर्नेंस), शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच में सुधार की उम्मीद है।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments