तोक्यो, 14 जनवरी (भाषा) पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस की अनुषंगी कंपनी पैनासोनिक इलेक्ट्रिक वर्क्स इंडिया (पीईडब्ल्यूआईएन) का लक्ष्य 2030 तक भारत के वायरिंग डिवाइस बाजार में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करना है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह बात कही।
पैनासोनिक इलेक्ट्रिक वर्क्स इंडिया के संयुक्त प्रबंध निदेशक तोशिनोबु कावासाकी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ अगले पांच वर्षों में भारत में हमारा ध्यान अपनी बाजार हिस्सेदारी को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने पर होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ खासकर 2030 तक हमारा लक्ष्य वायरिंग डिवाइस व्यवसाय में 50 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करना है।’’
कावासाकी ने कहा, ‘‘ हम स्विचगियर तथा लाइटिंग जैसे अपने मुख्य व्यावसायिक क्षेत्रों में भी पर्याप्त वृद्धि का लक्ष्य रख रहे हैं। यह महत्वाकांक्षी योजना बाजार में हमारी स्थिति को मजबूत करने और इन प्रमुख क्षेत्रों में गुणवत्ता तथा नवीनता प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’
साथ ही उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य न केवल जापान में बल्कि विश्व स्तर पर टिकाऊ तथा सुरक्षित जीवन में योगदान देना है।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
