scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतऑरेकल के नई एआई डेटा मंच को 1.5 अरब डॉलर से अधिक निवेश मिला

ऑरेकल के नई एआई डेटा मंच को 1.5 अरब डॉलर से अधिक निवेश मिला

Text Size:

(मौमिता बख्शी चटर्जी)

लास वेगास, 16 अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी ऑरेकल ने कहा है कि उसके साझेदारों और वैश्विक सिस्टम इंटिग्रेटर ने उसके नये एआई डेटा मंच में 1.5 अरब डॉलर (करीब 12,500 करोड़ रुपये) से अधिक का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है।

इस निवेश का उद्देश्य प्रशिक्षण, कौशल विकास और विभिन्न उद्योग क्षेत्रों के लिये कृत्रिम मेधा (एआई) पर आधारित समाधान तैयार करना है।

सॉफ्टवेयर कंपनी ने कहा कि इस एआई डेटा मंच में निवेश की प्रतिबद्धता जताने वाले साझेदारों में इन्फोसिस, एलटीआई माइंडट्री, कॉग्निजेंट, एक्सेंचर और केपीएमजी शामिल हैं।

ऑरेकल के स्वास्थ्य देखभाल एवं विश्लेषण खंड के कार्यकारी उपाध्यक्ष टी.के. आनंद ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, “हम अपने वैश्विक साझेदारों के साथ मिलकर एआई डेटा मंच लाने की तैयारी कर रहे हैं। इनमें से कई साझेदारों ने 1.5 अरब डॉलर से अधिक की राशि प्रशिक्षण और उद्योग-विशिष्ट समाधानों के विकास पर निवेश करने का संकल्प लिया है।”

कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस निवेश के तहत 8,000 से अधिक पेशेवरों को प्रशिक्षित किया जाएगा और 100 से अधिक उद्योग-विशिष्ट उपयोग मामलों का विकास किया जाएगा।

इन्फोसिस के कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य आपूर्ति अधिकारी दिनेश राव ने कहा कि ऑरेकल का एआई डेटा मंच कंपनी की रणनीतिक प्राथमिकताओं में शीर्ष पर है।

राव ने कहा कि इन्फोसिस ने वित्त वर्ष 2024-25 में शोध एवं विकास पर 14 करोड़ डॉलर का निवेश किया और आने वाले वर्षों में ऑरेकल के एआई मंच में इसकी अतिरिक्त निवेश की योजना है।

एलटीआई माइंडट्री ने इस मंच में 20 करोड़ डॉलर के निवेश की घोषणा की है। वहीं केपीएमजी अगले तीन से पांच वर्षों में 20 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी और 1,600 कर्मचारियों को वैश्विक स्तर पर प्रशिक्षण देगी।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments